मॉडल स्कूल धौलेड़ा की छात्रा खुशी अहरोदिया जिला प्रशासन महेंद्रगढ़ द्वारा सम्मानित - Govt. Model Sanskriti Sen. Sec. School Dholera

Latest

Monday, January 26, 2026

मॉडल स्कूल धौलेड़ा की छात्रा खुशी अहरोदिया जिला प्रशासन महेंद्रगढ़ द्वारा सम्मानित

नारनौल के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान मैदान में आयोजित जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह 2026 में कला के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां अर्जित करने पर राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धौलेड़ा की छात्रा खुशी अहरोदिया को सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह एवं उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने खुशी को प्रशंसा-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला प्रशासन महेंद्रगढ़ द्वारा खुशी की कला प्रतिभा, निरंतर साधना एवं जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने के योगदान की सराहना की गई।

 

अल्प आयु में विशिष्ट उपलब्धियां

खुशी अहरोदिया का जन्म 24 सितंबर 2008 को गांव बसई में हुआ। उन्होंने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की परीक्षा में 92.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शैक्षणिक क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। वर्तमान में वह राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धौलेड़ा (नांगल चौधरी) में विज्ञान संकाय से बारहवीं कक्षा में अध्ययनरत है।


चित्रकला व रेखांकन में राज्य से राष्ट्रीय पहचान

खुशी ने चित्रकला और रेखांकन में जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर अनेक पुरस्कार प्राप्त किए हैं। वर्ष 2021 में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण चित्रकला प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि हासिल की तथा राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा राज्य का प्रतिनिधित्व किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने राज्य बाल महोत्सव, जिला बाल महोत्सव और जिला युवा महोत्सव में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अनेक बार प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किए।


राज्य युवा महोत्सव में लगातार तीन वर्षों तक प्रथम स्थान

खुशी ने राज्य युवा महोत्सव में 15 से 28 वर्ष आयु वर्ग में वर्ष 2023 से 2025 तक लगातार तीन वर्षों तक जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर एक विशिष्ट उपलब्धि अपने नाम की। उन्हें राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय द्वारा भी सम्मानित किया जा चुका है।

जिला प्रशासन, प्राचार्या, शिक्षकों एवं अभिभावकों ने खुशी की उपलब्धियों पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

No comments:

Post a Comment